9 x 6 = 54
बात दरअसल परसों की है।
मैं घर से लॉन्ड्री लेने निकला था। दीदी ज़्यादा दूर नहीं रहती हैं मेरे घर से, पर जब से साइकिल खरीदी है मैंने, तब से पैदल चलने में बड़ा आलस आता है।
कानों में ईयरफ़ोन, नए जूते पहनकर मैं निकल पड़ा। वह टूटी सड़क, जो सालों से वैसी ही है, वहाँ भूतपूर्व मुखिया जी को नमस्ते करके, उसी टूटी सड़क को पार कर मैं नीचे की ओर पहुँचा।
वहाँ किराने की दुकान से मुझे दही भी लेनी थी। सोचा, पहले कपड़े ले लूँ और फिर दही ले लूँगा।
दीदी से कपड़े उठाए और वापस घर की ओर चल पड़ा।
किराने की दुकान पर एक ईयरफ़ोन कान से निकाला और दीदी से बोला, 2 दही देना ज़रा।
ठीक उसी वक़्त याद आया कि अंडे भी नहीं हैं, पर कुछ दिन में निकलना है, तो एक पूरी क्रेट अंडे लेने का कोई फ़ायदा नहीं।
हिसाब लगाकर कहा कि 6 अंडे भी दे दो मुझे, दीदी।
दीदी को तक़रीबन 3 मिनट लगे सब पैक करने में, और उन्होंने हिसाब मेरे सामने लगाया।
2 दही – 20 × 2 = 40 रुपये
6 अंडे – 9 × 6 = …
मैं एक ईयरफ़ोन उतारकर दीदी को हिसाब लगाते हुए देख रहा था, और इन कुछ सेकंडों में दीदी ने मेरी तरफ़ देखा और मैंने शुरू किया—
9 टू जा – 18
9 थ्री जा – 27
9 फ़ोर जा – 36
9 फ़ाइव जा – ?
9 फ़ाइव जा – ??
9 सिक्स जा – ???
दीदी मुझे देख रही थीं, और मेरे चेहरे का होश उड़ गया था। सब कुछ झूठ लगने लगा था, हवा थम गई थी, मेरे हाथ काँपने लग गए और मेरे कानों में ज़ोर-ज़ोर से 9 का पहाड़ा चलने लगा। मैं मन में और ज़ोर से 9 वन जा – 9 करने लगा, और दीदी भी मुझे देखकर अपनी उँगलियों पर गिनने लग गईं।
इसी बीच एक कान के ईयरफ़ोन में लगा गाना अपने चरम पर था, और मैंने जल्दी से अपना फ़ोन निकाला और उसे पॉज़ कर दिया।
फिर मैंने हड़बड़ी में “cal” सर्च किया, और सबसे पहले कैलेंडर खुल गया। यह सब 1 मिनट के अंदर हो रहा था, पर मुझे लग रहा था कि मैं 1 घंटे से लगा हुआ हूँ।
तुरंत कैलेंडर से हटकर मैंने कैलकुलेटर खोला और दीदी को ज़ोर से बोलने लग गया—
दीदी, 2 दही के हुए टोटल 40 रुपये।
और फिर मैंने कहा कि अंडों के हो गए 40 × 9 = 360।
360 देखकर मानो की मेरा सिर घूम गया, और मैंने फिर से कहा कि 2 दही के हुए 40, और एक अंडे का हुआ 9, और मैंने लिए 6 अंडे—और तभी कैलकुलेटर के अंदर 54 लिखकर आया।
54 देखकर जो मन के अंदर उफ़ान आ रहा था, वह रुक गया।
दीदी की ओर न देखकर मैंने बोला, “स्कैनर देना ज़रा,” और दीदी ने नीचे की तरफ़ इशारा किया।
कैलकुलेटर से निकलकर Paytm खोला, और तुरंत स्कैन करके मैंने 96 रुपये अदा किए, और अपने लॉन्ड्री के कपड़ों और अंडों को लेकर घर की ओर चल पड़ा।
चलते-चलते हँसी आ गई, और पूरे वापसी के रास्ते 9 का पहाड़ा याद करता गया—
9 × 3 = 27
9 × 7 = 63
9 × 9 = 81


